प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों की आवाज, आज निकलेगी सांकेतिक रैली
मथुरा: कोसीकलां क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कोटवन नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र के ग्रामीणों के मुखर हो रहे स्वर को तेज धार देने के लिए ग्रामीणों जनसंपर्क अभियान अंतिम चरण में है। ग्रामीणों ने आज निकलने वाली सांकेतिक रैली की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। कोटवन और उमराला गांव में समाजसेवी योगेश चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने लोगों से संपर्क कर आज 13 सितंबर को प्रस्तावित शांतिपूर्ण विरोध रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता अभियान
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण का असर हवा, पानी और जमीन पर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह अभियान किसी व्यक्ति या उद्योग के विरोध में नहीं है, बल्कि स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और प्रदूषण रहित सुरक्षित पर्यावरण के लिए है।
पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर आज सांकेतिक रैली
योगेश चौधरी ने बताया कि आज 13 सितंबर को मौनी बाबा आश्रम, कोटवन से कोसीकलां स्थित मंत्री के आवास तक सांकेतिक रैली निकाली जाएगी। उन्होंने आसपास के गांवों के लोगों से रैली में बड़ी संख्या में पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण की मांग को मजबूत करने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में उद्योग और रोजगार जरूरी हैं, लेकिन विकास के साथ पर्यावरणीय मानकों का पालन और जनजीवन की सुरक्षा भी उतनी ही सुनिश्चित होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- बारिश में ढहा 55 लाख का पुल, 24 गांवों का आवागमन प्रभावित