मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में जर्जर स्कूली इमार

सिंगरौली में जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम की गाड़ी का किया घेराव

एसडीएम के वाहन का घेराव

​सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले के गन्नई गजरहिया गांव में जनविश्वास अभियान शिविर कार्यक्रम के समापन के दौरान अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गांव की जर्जर स्कूली इमारत और आंगनबाड़ी केंद्र की उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों ने देवसर एसडीएम (आईएएस) के वाहन का घेराव कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण हाथों में लाठियां लेकर सड़क पर उतर आए और अधिकारी की गाड़ी का रास्ता रोक दिया।

प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी भवन लंबे समय से बेहद जर्जर

ग्रामीणों का आरोप था कि उनके मोहल्ले का प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी भवन लंबे समय से बेहद जर्जर स्थिति में हैं। इससे वहां पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा था। जैसे ही जनविश्वास शिविर समाप्त हुआ, ग्रामीणों ने एसडीएम को अपनी समस्याओं से अवगत कराने और मौके पर चलकर जर्जर स्थिति दिखाने की मांग को लेकर उनके वाहन को रोक लिया।

जर्जर विद्यालय और आंगनबाड़ी परिसर का निरीक्षण

​हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम देवसर ने सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय दिया। वे तुरंत अपने वाहन से नीचे उतरे और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम खुद पैदल चलकर जर्जर विद्यालय और आंगनबाड़ी परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे।

तुरंत विद्यालय भवन की मरम्मत कराने के सख्त निर्देश

​मौके पर इमारत की बदहाल स्थिति देखने के बाद एसडीएम ने नाराजगी जताई और वहां मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तुरंत विद्यालय भवन की मरम्मत कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत

​अधिकारी से ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और मामला पूरी तरह से नियंत्रित हो सका। वहीं, एसडीएम की गाड़ी रोकने और ग्रामीणों के प्रदर्शन का यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

यह भी पढ़ेंः सीतामढ़ी: मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या