रामनगर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में पुलिसकर्मी समेत 5 घायल
बेतिया (बिहार)। बगहा के रामनगर नगर परिषद क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। वार्ड संख्या-11 स्थित जुलाहा टोली में देर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया गया।
घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती
घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
यह भी पढ़ेंः आईएनएस इक्षक सेशेल्स पहुंचा, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को मिलेगा बढ़ावा