जौनपुर में बधाई लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक

जौनपुर में किन्नरों के दो गुटों में हिंसक झड़प, पथराव में एक घायल

Violent Clash Between Two Groups of Transgender Community Members in Jaunpur, One Injured

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच बधाई लेने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद जमकर पथराव शुरू हो गया। पथराव से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

एक किन्नर गंभीर रूप से घायल

इस दौरान एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इलाके में बधाई लेने के अधिकार को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः मुंगेर के शिवकुंड में युवक ने लगाई फांसी