मशरक में जमीन विवाद और जामुन का पेड़ काटने को लेकर हुई खूनी झड़प, दोनों पक्षों के 12 लोग घायल
सारण (बिहार)। मशरक में जमीन विवाद ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब विवादित जमीन पर लगे जामुन के पेड़ को काट दिया गया। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में करीब 12 लोग घायल हुए हैं, मामला गंडामन गांव का है। बताया जा रहा है कि जमीन के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था।
जामुन के पेड़ के काटे जाने के बाद कहासुनी शुरू
इसी बीच विवादित जमीन पर लगे हरे जामुन के पेड़ को काटे जाने के बाद कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के लक्ष्मण मिश्र, निशा कुमारी, शत्रुघ्न मिश्र और राजकुमारी देवी घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से दूधनाथ मिश्र, रामपति देवी, पिंकी कुमारी और कौशल कुमार के घायल होने की बात सामने आई है।
सभी घायल मशरक सीएचसी में भर्ती
सभी घायलों को मशरक सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों पक्षों की ओर से जमीन और पेड़ को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: प्रेम-प्रसंग के चलते 25 वर्षीय पीजी छात्र की निर्मम हत्या, नहर से मिला शव