मैहर में पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में 1

मैहर में खून से लाल हुई जमीन, पुराने विवाद में 14 घायल, अस्पताल में बेड तक नहीं मिले

Hospital Facing Bed Shortage

मैहर,(मध्य प्रदेश)। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कहरी गांव में बुधवार की रात जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद ने बेहद हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। पानी भरने की मामूली बात से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस बर्बर मारपीट में 7 महिलाओं समेत कुल 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।

विवादित जमीन पर पानी भरने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कहरी गांव में रहने वाले बंसल समाज के दो पड़ोसियों के बीच एक जमीन को लेकर लंबे समय से रंजिश और आपसी मनमुटाव चल रहा था। बुधवार की रात करीब 10 बजे, विवादित जमीन पर पानी भरने की बात को लेकर दोनों पक्षों के सदस्य आमने-सामने आ गए। शुरुआत में तीखी कहासुनी हुई, जो चंद मिनटों में ही हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से लोग हाथों में लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग लहूलुहान हो चुके थे।

 अस्पताल की बदहाली: फर्श पर इलाज करने को मजबूर हुए डॉक्टर

 घटना के तुरंत बाद सभी लहूलुहान पीड़ित किसी तरह जान बचाकर अमरपाटन थाने पहुंचे। थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना समय गंवाए उन्हें तुरंत शासकीय वाहन और एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय सिविल अस्पताल भिजवाया। परंतु, सिविल अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील तस्वीर सामने आई। अस्पताल में अचानक पहुंचे 14 गंभीर मरीजों के लिए पर्याप्त बेड उपलब्ध नहीं थे। बेड की इस भारी किल्लत के कारण डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मजबूरी में गंभीर रूप से घायल महिलाओं और पुरुषों को अस्पताल के बरामदे और वार्ड के फर्श पर ही लिटाना पड़ा। घायलों को जमीन पर ही लेटी हुई अवस्था में प्राथमिक उपचार दिया गया, पट्टियां बांधी गईं और वहीं पर उन्हें ड्रिप तथा इंजेक्शन लगाए गए।

मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल

 मारपीट की इस घटना में दोनों ही पक्षों के लोगों को गंभीर चोटें आई हैं .प्रथम पक्ष से सरिता बंसल, जितेंद्र, फूलचंद, साक्षी, आरती और प्रिया बंसल घायल हुए हैं। वही दूसरे पक्ष से समीर, बड्डी, सोमबाई, सुरेश, पार्वती, रमेश, मुकेश और तिजियाबाई बंसल को चोटें आई हैं।

गंभीर स्थिति के चलते सतना रेफर, पुलिस की कार्रवाई जारी

अमरपाटन सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी 14 घायलों की नाजुक हालत और गहरे जख्मों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल सतना के लिए रेफर कर दिया है।

थाना प्रभारी का वक्तव्य

अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीनी विवाद इस खूनी रंजिश की मुख्य वजह है। पानी भरने को लेकर शुरू हुए इस तात्कालिक विवाद पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम अस्पताल में घायलों के विस्तृत बयान दर्ज कर रही है, साथ ही घटनास्थल से भी जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। घायलों के बयानों के आधार पर सभी दोषियों और हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः पुलिसकर्मी पर चाकू चलाने वाले बदमाशों का निकला जुलूस, सड़क पर लगवाए नारे