उज्जैन के कालभैरव मंदिर में VIP दर्शन, 500 रुपये में सीधे गर्भगृह तक पहुंच सकेंगे श्रद्धालु
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाद अब उज्जैन के प्रसिद्ध श्री काल भैरव मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए 'शीघ्र दर्शन' (VIP दर्शन) की नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है। बुधवार से लागू हुई इस नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालु 500 रुपये का टिकट लेकर बिना लंबी कतारों में लगे सीधे गर्भगृह से बाबा कालभैरव के दर्शन कर सकेंगे।
टिकट की कीमत 500 रुपये
VIP दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपये का टिकट लेना होगा। यह टिकट मंदिर परिसर के बाहर बने काउंटर से सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगा। इस सशुल्क व्यवस्था के तहत भक्तों को मंदिर के निर्गम (एग्जिट) द्वार के पास वाले मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा, जहां से वे सीधे गर्भगृह के सामने पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
बाबा कालभैरव को मदिरा का भोग
बाबा कालभैरव को मदिरा का भोग लगाने की पारंपरिक प्रथा पहले की तरह ही जारी रहेगी। श्रद्धालु अपने साथ लाई गई मदिरा वहां मौजूद पुजारियों को सौंपेंगे, जो उनके सामने बाबा को भोग अर्पित करेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, शुरुआत में यह टिकट व्यवस्था केवल ऑफलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जिसे जल्द ही ऑनलाइन भी कर दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था से जहां आम और खास श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के शीघ्र दर्शन की सुविधा मिलेगी, वहीं मंदिर के नाम पर बाहरी तत्वों द्वारा की जाने वाली ठगी और धोखाधड़ी पर भी लगाम कसी जा सकेगी।
यह भी पढ़े: मप्र को चेतावनी- रेत माफिया भी पकड़ो