विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से कामगारों को नई उड़ान, स्वरोजगार के लिए मिली आर्थिक मदद
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026 तथा टूलकिट एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए चेक और विभिन्न जिलों के कामगारों को आधुनिक टूलकिट वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों आर्थिक सहायता और कामकाज के उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं की जमकर सराहना की।
मुश्ताक और अवधेश को मिली आर्थिक मदद
लखनऊ के आलमबाग निवासी मोहम्मद मुश्ताक, जो पिछले 25 वर्षों से सैलून चला रहे हैं, उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए दो लाख रुपये का चेक मिला। मुश्ताक ने खुशी जताते हुए कहा कि पिछली सरकारों में उन्हें कभी ऐसी मदद नहीं मिली थी। वहीं, कानपुर के रहने वाले अवधेश को सुनार की टूलकिट प्रदान की गई। पिछले 20 वर्षों से सोने के आभूषण बनाने का काम कर रहे अवधेश ने मुख्यमंत्री से टूलकिट पाकर खुद को धन्य बताया और सरकार का आभार व्यक्त किया।
महिलाओं और युवाओं को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा
कार्यक्रम के दौरान बाराबंकी की वंदना और रमा जायसवाल को सिलाई मशीनें दी गईं। सिलाई का कार्य कर रही इन महिलाओं ने कहा कि इस मदद से उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, कारपेंटर का काम करने वाले राहुल शर्मा और उन्नाव के आनंद कुमार को एक-एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इन युवाओं ने बताया कि सरकारी सहायता मिलने से उन्हें अपने काम के लिए आधुनिक औजार खरीदने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।
कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को संबल
इस विशेष आयोजन में अयोध्या निवासी राम को कुम्हार के काम के लिए आवश्यक टूलकिट प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के मुकाबले वर्तमान सरकार में पात्र लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा है। पारंपरिक कारीगरों और कामगारों को मिल रहे इस समर्थन से समाज के निम्न आय वर्ग के लोगों का जीवन स्तर सुधर रहा है और वे आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: प्रेरणा स्थल पर जले आशीर्वाद के दीये, सीएम योगी ने शुरू किया सेवा संकल्प अभियान