वोट गड़बड़ी की पड़ताल तेज, 5 अफसरों पर लटक रही कार्यवाही की तलवार
पीलीभीत: सदर विधानसभा की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर वोट गड़बड़ी पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। अमरिया तहसील के 150 बूथों और पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल भी शुरू कर दी गई है। साथ ही, प्रशासन ने जिले की चारों विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों की क्रॉस चेकिंग भी शुरू कराई है।
ईआरओ की आईडी-पासवर्ड से दर्ज हुईं प्रविष्टियां
उधर, सदर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना शुरू कर दी है। जांच के बाद पांच एईआरओ पर शिकंजा भी कस सकता है। अमरिया के तहसीलदार, ललौरीखेड़ा व अमरिया के बीईओ और बीडीओ भी जांच के घेरे में हैं। जांच में सामने आया कि ईआरओ की आईडी-पासवर्ड का इस्तेमाल कर बिना मूल आवेदनों के ही फॉर्म-8 की 13,779 प्रविष्टियां दर्ज की गईं।
10,470 प्रविष्टियां स्वीकृत, 3,309 अस्वीकृत
31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच इनमें से 10,470 प्रविष्टियां स्वीकृत और 3,309 अस्वीकृत की गईं, जबकि इनसे संबंधित रिकॉर्ड कार्यालय में नहीं मिले। वोटर लिस्ट गड़बड़ी में जांच आगे बढ़ने के साथ ही नए तथ्य भी सामने आए हैं। 10 अप्रैल से 21 अक्टूबर के बीच सदर विधानसभा क्षेत्र में ऑफलाइन फॉर्म-8 के 13,779 आवेदन प्राप्त हुए। जबकि बरखेड़ा, बीसलपुर और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्रों में इनकी संख्या शून्य दर्ज की गई।
सदर में हजारों आवेदन, तीन सीटों पर संख्या शून्य
तीन विधानसभा क्षेत्रों में एक भी ऑफलाइन आवेदन नहीं आने और सदर में हजारों आवेदन दर्ज होने का अंतर अब संदेह बढ़ा रहा है। ऑनलाइन फॉर्म-8 के आंकड़ों में भी चारों विधानसभा क्षेत्रों में अंतर है। सदर पीलीभीत में 13,150, बरखेड़ा में 1,312, पूरनपुर में 3,011 और बीसलपुर में 3,389 आवेदन दर्ज किए गए हैं।
दो एसडीएम समेत पांच अन्य अधिकारियों की भूमिका जांच के घेरे में
मामले में दो एसडीएम और वीआरसी ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पांच अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे दो बीडीओ समेत पांच अन्य अधिकारियों की भूमिका जांची जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
ये भी पढ़ें: पंजाब रेलवे ब्लास्ट केस: NIA ने KZF से जुड़े 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की