आबूरोड नगर पालिका के 40 वार्डों में 9 सितंबर को मत

9 सितंबर को आबूरोड नगर पालिका के 40 वार्डों में होगा मतदान, 38,280 देंगे वोट

आबूरोड नगर पालिका चुनाव को लेकर तैयारी पूरी

सिरोही: आबूरो नगर पालिका में शहरी सरकार चुनने को लेकर कल यानी 9 सितंबर को मतदान होगा। मतदान से एक दिन पहले प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। राजकीय महाविद्यालय में पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया को लेकर गहन प्रशिक्षण दिया गया, जिसके बाद अब मतदान दलों की उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवानगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला चुनाव को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। 

पोलिंग पार्टियां केंद्रों के लिए रवाना

राजकीय महाविद्यालय में उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी रामस्वरूप जौहर सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान दलों को ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, चुनाव संबंधी नियमों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की बारीकी से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। मतदान दल आज ही संबंधित केंद्रों पर पहुंचकर मतदान की अंतिम तैयारियां पूरी करेंगे।

आबूरोड के 40 वार्डों में 38,280 मतदाता करेंगे मतदान

नगर पालिका आबूरोड के 40 वार्डों में कुल 38,280 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें महिला और पुरुष दोनों मतदाता शामिल हैं। मतदान 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया है।

12 अतिसंवेदनशील बूथों पर हथियारबंद जवान तैनात

डीएसपी जितेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में करीब 250 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे। नगर पालिका क्षेत्र के 12 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मोबाइल पुलिस पार्टियों सहित अलग-अलग टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त करेंगी और मतदान के दौरान हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगी। 

147 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

पुलिस और प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान कराने पर रहेगा। आबूरोड नगर पालिका के 40 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय सहित कुल 147 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 68 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। कल होने वाले मतदान में मतदाता अपने वार्ड के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर नगर पालिका की नई शहरी सरकार चुनेंगे।

ये भी पढ़ें- गंगा-घाघरा का बढ़ा जलस्तर, 3 लाख से अधिक आबादी प्रभावित, एसपी ने दी चेतावनी