वृंदावन में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए या

वृंदावन में केवल 2700 पंजीकृत ई-रिक्शों को ही संचालन की होगी अनुमति

Vrindavan Traffic Management

मथुरा: वृंदावन नगर निगम कार्यालय में शनिवार को यातायात पुलिस, नगर निगम और सिविल सोसायटी की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, ई-रिक्शा संचालन, स्टैंड निर्धारण और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए कई अहम निर्णय लिए।

शहर में केवल 2700 पंजीकृत ई-रिक्शों को ही संचालन की अनुमति

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में केवल 2700 पंजीकृत ई-रिक्शों को ही संचालन की अनुमति होगी। सभी निर्धारित स्टैंडों पर ई-रिक्शों की संख्या भी तय कर दी गई है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शों के खिलाफ लगातार चालान और प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

वृंदावन की यातायात व्यवस्था पहले से होगी बेहतर

प्रशासन का कहना है कि इन फैसलों के लागू होने से वृंदावन की यातायात व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोगों को जाम से राहत दिलाने और श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है।

ये भी पढे़ं- परिवार संग मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता