गोंडा के तरबगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत नारायनपुर

गोंडा में बारिश से जर्जर पंचायत भवन की गिरी दीवार, मढ़हा और नल क्षतिग्रस्त

बारिश से जर्जर पंचायत भवन की गिरी दीवार

गोण्डा: विकासखंड तरबगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत नारायनपुर के राजाराम पुरवा मजरे में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को एक पुराने पंचायत भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पिछले 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 72 घंटे से अधिक समय से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण पंचायत भवन की पुरानी और जर्जर दीवार की स्थिति और कमजोर हो गई थी। रविवार को अचानक दीवार का एक हिस्सा ढह गया। दीवार गिरने से आसपास का क्षेत्र मलबे से भर गया। बताया गया कि पंचायत भवन के पास ही चंद्रभान सिंह का फूस का मढ़हा बना हुआ था। दीवार गिरने के कारण उनका मढ़हा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा पास में लगा नल भी टूटकर खराब हो गया। इससे परिवार को नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

जर्जर पंचायत भवन को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन काफी पुराना होने के कारण पहले से ही जर्जर अवस्था में था। लगातार बारिश के दौरान ऐसे पुराने भवनों और कमजोर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर पंचायत भवन का निरीक्षण कराने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की जनहानि न हो। 

जर्जर भवनों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग

ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि राजेश्वर पांडे ने बताया कि पंचायत भवन पुराना था। दीवार गिरने की जानकारी विकासखंड के अधिकारियों को दे दी गई है। अधिकारियों को घटना से अवगत कराने के साथ ही मौके की स्थिति की जानकारी भी दी गई है। लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने जर्जर भवनों और दीवारों के आसपास लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन से भी ऐसे भवनों को चिह्नित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। 

ये भी पढ़ें- विश्व पर्यटन दिवस पर राजनाथ सिंह का संदेश, पर्यटन में AI और डिजिटल तकनीक पर जोर