हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे नोखे मजरा मेघमऊ गांव

झटका मशीन की चपेट में किशोर की मौत मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

Wanted Accused Arrested in Electric Fence Death Case

सुलतानपुर {उत्तरप्रदेश}। हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे नोखे मजरा मेघमऊ गांव में झटका मशीन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त झटका मशीन, स्टेबलाइजर, बैटरी और करीब 10 मीटर विद्युत तार भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

परिजनों ने दी थी पुलिस को तहरीर

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को पूरे नोखे निवासी पवन कुमार तिवारी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि विपक्षी वैजनाथ तिवारी ने अपने खेत में विद्युत तार और झटका मशीन लगा रखी थी। कई बार कहने के बावजूद झटका मशीन और तार नहीं हटाए गए। इसी दौरान वादी के भतीजे आर्यन तिवारी पुत्र दूधनाथ तिवारी, उम्र करीब 16 वर्ष, इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बीएनएस की धारा 105 में मुकदमा दर्ज

तहरीर के आधार पर थाना हलियापुर में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में वांछित वैजनाथ तिवारी की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी को उसके खेत से सुबह करीब 8:17 बजे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक झटका मशीन, एक स्टेबलाइजर, एक बैटरी और करीब 10 मीटर विद्युत तार बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी वैजनाथ तिवारी पुत्र स्वर्गीय विन्देश्वरी तिवारी, निवासी पूरे नोखे, मजरा मेघमऊ, थाना हलियापुर, उम्र करीब 59 वर्ष है।

पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल चन्दन कुमार, कांस्टेबल रामबली राम और महिला कांस्टेबल आरती वर्मा शामिल रहे।

यह भी पढ़े: बुलडोजर पर सवार होकर निकले कांवड़िए, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच वीडियो वायरल