बलिया में पुलिस मुठभेड़, गवाह हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार
बलिया,(उत्तर प्रदेश)। के बलिया जनपद में थाना गड़वार पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुराने मुकदमे के गवाह की हत्या के मामले में वांछित चल रहा एक अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जुलाई की रात्रि लगभग 11:00 बजे थाना गड़वार पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रतसड़ मार्ग से नूरपुर जाने वाले सड़क मार्ग पर पुलिया के पास हत्या के मुकदमे का वांछित अभियुक्त मौजूद है। सूचना पर तुरन्त कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश
खुद को घिरता देख अभियुक्त सौरभ उपाध्याय ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश सौरभ उपाध्याय पुत्र देवेंद्र उपाध्याय निवासी ग्राम असनवार पंडितपुरा थाना गड़वार, बलिया के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बदमाश को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसड़ भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी सौरभ उपाध्याय ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने बताया, कि उसने अपने पिता देवेंद्र उपाध्याय के कहने और पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की साजिश के तहत अपने साथियों गोविंद चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान के साथ मिलकर इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
अवैध असलहा और कारतूस बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा फरार अन्य सह अभियुक्तों की तलाश के लिए दबिश जा रही है।
यह भी पढ़ेंः सूर्य से भी पुराना सोना! न्यूट्रॉन तारों की टक्कर से बनी पृथ्वी तक पहुंची अरबों साल पुरानी धातु