रांची में पानी की टंकी गिरी, दो कर्मचारियों की मौत
रांची (झारखंड)। बुधवार शाम एक पुरानी पानी की टंकी के ढांचे को गिराने के दौरान वह ढह गया, जिसके कारण दो कर्मचारियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घटना शाम करीब छह बजे घटी
उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब छह बजे कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला स्कूल परिसर में हुई, जब कर्मचारी वहां पानी की टंकी के लिये नया ढांचा बनाने के वास्ते पुरानी टंकी को गिरा रहे थे।
घटना में दो मजदूरों की मौत
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निखिल राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, 'इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई है। एक मजदूर का शव तुरंत ही निकाल लिया गया था, जबकि दूसरा मजदूर मलबे के नीचे फंसा हुआ था।'
बचाव अभियान चार घंटे से ज्यादा चला
उन्होंने कहा, “बचाव अभियान चार घंटे से ज्यादा समय तक चला और मलबे को हटाने के लिए दो जीसीबी मशीनें लगाई गई थीं। दूसरे कर्मचारी का शव रात करीब 10:30 बजे निकाला गया।'
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पलामू जिले के रहने वाले सत्य भुइयां (35) और मैथिली शरण मेहता के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा गया है। (इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः एप्पल ने बुधवार को आईफोन की नवीनतम शृंखला की पेश