बारिश से हलधरमऊ का रास्ता बदहाल, कीचड़ और जलभराव से स्कूली बच्चे परेशान
हलधरमऊ,गोंडा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर पुरवा मैज़ापुर रेलवे स्टेशन से मैज़ापुर चीनी मिल की ओर जाने वाला रास्ता इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्राम हलधरमऊ, उत्तर पुरवा में बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव हो गया है, जिससे रास्ता पूरी तरह फिसलन भरा बन गया है।
बच्चे हो रहे चोटिल
इस बदहाल रास्ते का सबसे अधिक खामियाजा स्कूल जाने वाले बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बच्चे प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल आते-जाते हैं, लेकिन कीचड़ और पानी से भरे रास्ते के कारण आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े गंदे होने के साथ ही चोटिल होने का भी खतरा बना रहता है।
बारिश होने पर स्थिति और गंभीर
बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव बढ़ने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और बच्चों सहित अन्य राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा जलभराव और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को राहत मिल सके। (इनपुटः ANI)
यह भी पढ़ेंः निगाही खदान में 400 लीटर डीजल चोरी की कोशिश नाकाम