ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के पहल

उत्तर प्रदेश में खुलेगा पहला विदेशी विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में बनेगा वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस

Uttar Pradesh Higher Education Minister Yogendra Upadhyaya

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम अंतरराष्ट्रीय पहल आकार ले रही है। ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का प्रस्तावित कैंपस राज्य में किसी विदेशी विश्वविद्यालय का पहला कैंपस होगा। इससे शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। 

उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएड में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का प्रस्तावित कैंपस इन बदलावों को नई गति देगा और उत्तर प्रदेश के शैक्षिक तथा आर्थिक स्तर को ऊपर उठाने में मदद करेगा।

उपाध्याय ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उच्च शिक्षा समेत हर क्षेत्र में बड़े बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हो रहे हैं, जैसा कि हर दूसरे क्षेत्र में भी हो रहा है।"

यूपी के साथ सहयोग करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय

योगेंद्र उपाध्याय ने वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के साथ सहयोग को उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके मुताबिक, यह उत्तर प्रदेश के साथ सहयोग करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय है। इसकी पहल राज्य में वैश्विक शैक्षणिक जुड़ाव को मजबूत करेगी। 

उन्होंने कहा, "उच्च शिक्षा के दृष्टिकोण से वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी हमारे साथ सहयोग करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय है। इससे उत्तर प्रदेश के शैक्षिक और आर्थिक स्तर को ऊंचा उठाने में मदद मिलेगी और 'वसुधैव कुटुंबकम' के हमारे दृष्टिकोण को साकार किया जा सकेगा।"

उपाध्याय ने 'वसुधैव कुटुंबकम' की अवधारणा को ज्ञान के आदान-प्रदान से जोड़ते हुए कहा कि एक-दूसरे से ज्ञान हासिल करने और साझा करने के माध्यम से प्रगति के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचा जा सकता है। इस पहल को उन्होंने इसी व्यापक सोच से जोड़कर देखा।

ऐतिहासिक अवसर के तौर पर देखा जा रहा कैंपस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने भी वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के कैंपस की स्थापना को राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के जरिए उत्तर प्रदेश का वैश्विक समुदाय के साथ जुड़ाव ज्ञान, तकनीक और विकास के स्तर पर और मजबूत होगा।

अवस्थी ने कहा, "आज एक महत्वपूर्ण अवसर है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय यहां मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स भी यहां मौजूद हैं। वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कैंपस स्थापित करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय बनने जा रहा है।"

उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश को वैश्विक समुदाय के साथ जोड़ते हुए राज्य के विकास और विचारधारा को दुनिया के सामने साझा करने तथा तकनीक के आदान-प्रदान का अवसर देगी। अवस्थी ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि हम वैश्विक समुदाय से जुड़ते हुए और अपने विकास एवं विचारधारा को साझा करते हुए तथा तकनीक का आदान-प्रदान करते हुए 'वसुधैव कुटुंबकम' के दर्शन को अपनाकर अपने राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं।"

योगी आदित्यनाथ के नाम पर पांच नई स्कॉलरशिप

वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर पांच नई छात्रवृत्तियां भी शुरू की हैं। इन स्कॉलरशिप का फोकस युवाओं, महिलाओं, जल स्थिरता, डेटा प्रबंधन और बिजनेस मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों पर है। इस पहल को उत्तर प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा तथा ज्ञान के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग के एक और संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। छात्रवृत्तियों के जरिए युवाओं और अन्य लक्षित वर्गों को उच्च शिक्षा तथा संबंधित क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

फरवरी तक शुरू हो सकता है ग्रेटर नोएडा कैंपस

अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित कैंपस के फरवरी तक चालू होने की उम्मीद है। वहीं, तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में अकादमिक कक्षाएं वर्ष 2027 में शुरू होने का कार्यक्रम है। इस तरह कैंपस की स्थापना केवल विदेशी विश्वविद्यालय की मौजूदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश में तकनीकी शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के लिए एक नया संस्थागत आधार भी तैयार कर सकती है।

ऑस्ट्रेलिया-भारत के शिक्षा संबंधों को मिलेगा बढ़ावा

सोमवार को लॉन्च कार्यक्रम में न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने भी ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के कैंपस की स्थापना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत में WSU का कैंपस ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच शिक्षा संबंधों को और मजबूत करने में मदद करेगा।

मिन्स ने इस साझेदारी को दोनों देशों के बीच नजदीकी संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके मुताबिक, विश्वविद्यालय की भारत में मौजूदगी दोनों देशों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को नई मजबूती देगी।

उन्होंने कहा कि वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी भारत में युवाओं की उच्च शिक्षा में भागीदारी बढ़ाने के लक्ष्य में योगदान देगा। साथ ही, विश्वविद्यालय अपने मूल्यों और सिद्धांतों को भारत में लेकर आएगा। वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के इस कैंपस की स्थापना से उत्तर प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग को एक नया आयाम मिलने की उम्मीद है। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं