जबलपुर में अवैध खनन के खिलाफ रेड में भागा युवक नर्मदा नदी में कूदा, डूबने से मौत
जबलपुर। शहर के बरेला थाना क्षेत्र स्थित खैरेनी रेत घाट पर सोमवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के दौरान एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई।
अफरा-तफरी में युवक ने नदी में कूदी
सोमवार की दोपहर लगभग 2 बजे, प्रशासन और माइनिंग विभाग की टीम अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खैरेनी घाट पहुंची थी। रेड की भनक लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। माइनिंग टीम को देखकर वहां रेत खनन कर रहे युवकों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से एक युवक ने आनन-फानन में नर्मदा नदी में छलांग लगा दी।
नदी की गहराई अधिक थी, नहीं निकल पाया युवक
दुर्भाग्यवश, नदी की गहराई अधिक होने के कारण युवक बाहर नहीं निकल पाया और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना के समय उसके साथ मौजूद अन्य 4-5 साथी मौके से फरार हो गए।
परिजन आक्रोश में, लगाए आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हैं। परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि असली रेत माफिया, जो बड़े पैमाने पर मशीनों से अवैध उत्खनन कर रहे हैं, उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है और वे खुलेआम घूमते हैं।
छोटे लोगों पर कार्रवाई का आरोप
प्रशासन द्वारा गरीब और छोटे स्तर पर बोरी में रेत भरकर ले जाने वाले मजदूरों को निशाना बनाया जाता है। परिजनों का कहना है कि कार्रवाई में दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है, जिससे गरीब लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
भारी तनाव के बीच पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से खैरेनी घाट और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-plans-korea-enclave-to-boost-investment/176106