पैसे के विवाद में पत्नी और नाबालिग बेटे ने की पति की हत्या, एक्सीडेंट दिखाने पुल पर फेंकी लाश
झाबुआ (मध्य प्रदेश)। झाबुआ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पैसों के मामूली विवाद में एक पत्नी ने अपने ही नाबालिग बेटे के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को एक हादसे का रूप देने के लिए दोनों ने मृतक के शव को उसकी मोटरसाइकिल के साथ एक पुल पर फेंक दिया ताकि पुलिस और दुनिया इसे एक सड़क दुर्घटना समझे। पुलिस ने इस 'अंधे कत्ल' की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुल पर मिली थी खून से लथपथ लाश
घटना की शुरुआत सोमवार को हुई, जब पिटोल चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चौड़ा स्थित मोद नदी की पुलिया पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शव के पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी गिरी हुई थी। प्रथम दृष्टया यह मामला किसी सड़क हादसे का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से मुआयना किया, तो मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले।सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर आए घाव किसी हादसे के नहीं, बल्कि धारदार या भारी वस्तु से किए गए हमले के प्रतीत हो रहे थे। इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहराई से जांच शुरू की।
शव की शिनाख्त की तो बढ़ता गया शक
पुलिस ने जब शव की शिनाख्त की तो मृतक की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई। तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए जब साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीम ने मृतक के परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की तो बयानों में काफी विसंगतियां (घोलमाल) नजर आईं। पुलिस का शक मृतक की पत्नी और उसके नाबालिग बेटे पर गहरा गया। जब दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया और पूरी खौफनाक साजिश उगल दी।
पैसों का विवाद में की हत्या
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन और घरेलू खर्चों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार को भी इसी बात को लेकर घर में बड़ा झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी और नाबालिग बेटे ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
अपराध छुपाने रची सड़क हादसे की साजिश
हत्या करने के बाद आरोपी मां-बेटे कानूनी कार्रवाई से बचने का रास्ता खोजने लगे। उन्होंने हत्याकांड को एक सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई। देर रात उन्होंने मृतक के शव को उठाया और उसकी ही बाइक पर रखकर उसे ग्राम चौड़ा के पास मोद नदी के पुल पर ले गए। वहां उन्होंने शव और मोटरसाइकिल को इस तरह से पटका जिससे देखने वाले को लगे कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से टकराई और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले का पुलिस ने किया पर्दाफाश
झाबुआ पुलिस ने बुधवार को इस अंधे कत्ल का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने गुमराह करने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन फॉरेंसिक एविडेंस और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग बेटे को बाल सुधार गृह भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में पारिवारिक रिश्तों और बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: गंगा नदी में नाव पलटने से 7 की मौत, सर्च ऑपरेशन जारी