वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो का जलवा, सारंग टीम के करतब ने जीता लोगों का दिल
वाराणसी: भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में लोग नमो घाट और आसपास के इलाकों में पहुंचे। गंगा के दूसरी ओर से भी लोग हवाई करतब का आनंद लेते नजर आए। इस बीच सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन सोशल मीडिया पर छाया रहा। लोग हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब की वीडियो बनाकर रील के रूप में शेयर कर रहे हैं।
दो हेलीकॉप्टरों में महिला पायलट भी शामिल
सारंग टीम में शामिल स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने बताया कि एयर शो की तैयारी के लिए महीनों तक अभ्यास किया जाता है। हेलीकॉप्टरों को एक साथ फॉर्मेशन में उड़ाना चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए पायलट और क्रू मेंबर्स के बीच बेहतरीन तालमेल जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के पीछे केवल महीनों का नहीं, बल्कि वर्षों की ट्रेनिंग और मेहनत का योगदान होता है। अंकिता के मुताबिक, सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों में से दो में महिला पायलट और क्रू मेंबर्स भी तैनात हैं। टीम स्वदेशी एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करती है। उड़ान से पहले जमीन पर रणनीति बनाई जाती है, ब्रीफिंग होती है और अभ्यास के बाद ही दर्शकों के सामने प्रदर्शन किया जाता है।
युवाओं को प्रेरित कर रहा सारंग एयर शो
स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने बताया कि वायुसेना की ट्रेनिंग लगातार चलती रहती है। जरूरत पड़ने पर पायलट और हेलीकॉप्टर देश की सेवा में जुट जाते हैं। सैनिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के साथ-साथ आपदा के समय बचाव अभियान में भी हेलीकॉप्टर अहम भूमिका निभाते हैं। अंकिता सिंह ने कहा कि वायुसेना और एविएशन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। इस क्षेत्र में सफलता के लिए मेहनत, क्षमता और अनुशासन सबसे जरूरी हैं। महिलाओं के लिए एनडीए सहित वायुसेना में प्रवेश के कई रास्ते उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एयर शो का उद्देश्य युवाओं को विमानन क्षेत्र के प्रति आकर्षित करना और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। तीन दिवसीय एयर शो का समापन 25 अक्टूबर को होगा। आयोजन को लेकर शहर में भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- रायबरेली में 24 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, दिए गए ज़रूरी निर्देश