बेगूसराय में एक युवती ने दूर के रिश्तेदार पर शादी

दूर के रिस्तेदार ने शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल

मंसूरचक थाना

बेगूसराय (बिहार)। जिला अंतर्गत मंसूरचक थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने दूर के रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर महीनों शारीरिक शोषण, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया

​पीड़िता के अनुसार, समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय (बम्बैया गांव) निवासी दूर का रिश्तेदार श्यामलाल महतो शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने जाल में फंसाए रखता था। आरोप है कि 26 जून की शाम आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया और विरोध करने पर शादी की कसमें खाकर चुप करा दिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी

​घटना के एक हफ्ते बाद आरोपी ने पहली रात का अश्लील वीडियो दिखाकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। जब आरोपी शादी से मुकरने लगा, तो पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई।

जान से मारने और केस मैनेज करने की धमकियां

आरोप है कि जब पीड़िता का परिवार आरोपी के घर गया, तो आरोपी के पिता देवेन्द्र महतो, मां बुलबुल देवी और भाई हीरालाल महतो ने गाली-गलौज की और आरोपी को भगा दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष की ओर से अब उन्हें जान से मारने और केस मैनेज करने की धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

यह भी पढ़ें: बिजनौर के चांदपुर में होटल में पत्नी को दूसरे युवक के साथ रंगे हाथों पकड़ने पर हंगामा