अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र में घर में घुसने स

अंबेडकरनगर में घर में घुसने से रोकने पर महिला की हत्या का आरोप, आरोपी हिरासत में

Woman Allegedly Killed for Resisting Entry Into Home in Ambedkar Nagar

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जिले के भीटी थाना क्षेत्र के बनखोदवा गांव में सोमवार शाम घर में घुसने से रोकने पर एक महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान सुषमा उर्फ गुड़िया पत्नी रामजस के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

सिर पर चोट लगने से महिला की मौत

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब चार बजे सुषमा अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान गांव का अजय निषाद पुत्र राजेश निषाद कथित तौर पर उनके घर में घुसने लगा। आरोप है कि सुषमा ने उसे अंदर आने से रोकने का प्रयास किया, जिससे नाराज होकर उसने महिला के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुषमा की मौत हो गई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

महिला की मौत से भड़के परिजन

महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए भीटी थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

आरोपी हिरासत में

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है। आरोपी अजय निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:   मुंगेर में तालाब में डूबने से अंडा दुकानदार की मौत, श्राद्ध कर्म में शामिल होने पहुंचा था राजकुमार शाह