सहारनपुर में धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाने का आरोप, महिला ने SSP से मांगी सुरक्षा
सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: गंगोह क्षेत्र की एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर एक युवक पर जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाने, मुकदमा वापस लेने की धमकी देने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में कड़ी कार्रवाई और पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
मुकदमा वापस लेने और निकाह का दबाव
महिला का आरोप है कि आरोपी अब्दुल रहमान के खिलाफ थाना गंगोह में मुकदमा अपराध संख्या 175/2026 पहले से दर्ज है। इसके बावजूद वह लगातार मुकदमा वापस लेने और इस्लाम धर्म अपनाकर निकाह करने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। साथ ही कथित रूप से अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
घर पहुंचकर धमकाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि हाल ही में आरोपी उसके घर तक पहुंच गया और धारदार हथियार दिखाकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के बाद फरार हो गया। महिला का कहना है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसकी फुटेज सुरक्षित है।
परिवार में दहशत का माहौल
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भय के माहौल में है। उसने उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्म परिवर्तन प्रतिषेध कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पहले से दर्ज मुकदमे में प्रभावी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की कही बात
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों, जिनमें सीसीटीवी फुटेज भी शामिल है, की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: AI वीडियो में 'डॉक्टर ट्रम्प' बने ट्रम्प, आलोचकों को दिया 'टीडीएस' का इलाज