बिहार के औरंगाबाद में खेत के गड्ढे में डूबने से 40

खेत के गड्ढे में डूबने से नानी और डेढ़ साल के नाती की मौत

Woman and 1.5-Year-Old Grandson Drown in Field Pit

औरंगाबाद (बिहार)। गोह थाना क्षेत्र के बहुरिया वर्मा गांव में शनिवार शाम हुए एक दर्दनाक हादसे में खेत में बने गड्ढे में डूबकर 40 वर्षीय महिला और उसके डेढ़ वर्षीय नाती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव निवासी विजय पासवान की पत्नी बेनी देवी और अरवल जिले के कलेर थाना क्षेत्र के सोहसा गांव निवासी सोनू पासवान के पुत्र प्रियांशु के रूप में हुई है।

दिल्ली में काम कर रहे पति और बेटों को हादसे की सूचना, गांव रवाना हुए परिजन

परिजनों ने बताया कि बेनी देवी की बड़ी बेटी प्रियंका की शादी हो चुकी है और प्रियांशु जन्म से ही नानी के साथ रहता था। विजय पासवान दिल्ली की एक कपड़े की फैक्ट्री में काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलने पर वे दिल्ली से औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। उनके दोनों बेटे नीतीश और प्रिंस भी बाहर काम करते हैं और अब तक गांव नहीं पहुंच सके हैं।

पटवन के लिए खेत गई नानी-नाती की गड्ढे में गिरने से हुई मौत

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार शाम करीब 4 बजे बेनी देवी अपने नाती के साथ खेत में पटवन के लिए पानी खोलने गई थीं। पटवन के बाद जब वे घर लौट रही थीं तो दधपी गांव निवासी कमला सिंह के गोतिया के खेत में बने गहरे गड्ढे को नहीं देख पाईं और उसमें गिरकर डूब गईं। समय पर घर नहीं पहुंचने पर जब रातभर खोजबीन की गई तो उनका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसी गड्ढे में नानी और नाती के शव तैरते देखे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव, गांव में पसरा मातम

रविवार सुबह 11 बजे शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गांव के लोगों ने बताया कि बेनी देवी के घर में कोई नहीं था। बड़ी बेटी हाल ही में ससुराल गई थी और छोटी बेटी भी मौसी के घर चली गई थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। 

यह भी पढ़ें:   दिव्यांग नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, गर्भवती होने पर हुआ मामले का खुलासा