छपरा जिले के नगरा प्रखंड के फिरोजपुर गांव में बुधव

शादी की खबर से नाराज युवती चढ़ी मोबाइल टावर पर, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Woman Climbs Mobile Tower in Chhapra, Rescued Safely

छपरा (बिहार)। छपरा जिले के नगरा प्रखंड के फिरोजपुर गांव में बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक युवती गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई।

मौके पर पहुंचे प्रशासन और जनप्रतिनिधि

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती टावर पर काफी ऊंचाई तक चढ़कर बैठ गयी थी। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर बीडीओ अनुभव कुमार, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान, स्थानीय मुखिया अशोक साह, ललित प्रसाद यादव, समाजसेवी मोतीलाल राय समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग पहुंचे।

मांगों पर आश्वासन के बाद मानी युवती

कई घंटों तक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जाता रहा। इस दौरान युवती अपनी कुछ मांगों को लेकर अड़ी रही। अधिकारियों ने उसकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों का कहना था कि गांव के एक युवक की शादी तय होने से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।

घंटों की समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतरी युवती

काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गयी। उसके सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

यह भी पढ़ें: दुष्कर्म और नाबालिग अपहरण के दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार