गुरु पूर्णिमा पर मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म 6 पर म

गुरु पूर्णिमा पर मथुरा जंक्शन पर गूंजी किलकारी: प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर महिला यात्री ने दिया बच्ची को जन्म

Woman Delivers Baby Girl at Mathura Junction

मथुरा (उत्तर प्रदेश)। गुरु पूर्णिमा के पर्व पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक अद्भुत और सुखद नजारा देखने को मिला। शनिवार दोपहर प्लेटफॉर्म संख्या 6 (आगरा छोर) पर यात्रा कर रही एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। इसके बाद उसने प्लेटफॉर्म पर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे प्रशासन, RPF और मेडिकल टीम की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

CCTV से मिली सूचना, तुरंत हरकत में आया रेलवे प्रशासन

दोपहर में आरपीएफ CCTV कंट्रोल रूम की नजर प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पड़ी, जहां एक महिला को गंभीर चिकित्सा सहायता की जरूरत महसूस हो रही थी। आरपीएफ ने तुरंत इसकी सूचना उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल) को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन हरकत में आया और बिना एक पल गंवाए रेलवे अस्पताल को अलर्ट किया गया।

मेडिकल टीम ने मौके पर संभाली जिम्मेदारी

सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल के डॉ. अभय अपनी मेडिकल टीम के साथ सीधे प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर पहुंचे। टीम के पहुंचने से ठीक पहले महिला का प्रसव हो चुका था। डॉ. अभय और उनकी टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जच्चा और नवजात बच्ची को प्लेटफॉर्म पर ही आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके बाद RPF और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की मदद से दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया।

बावल से ललितपुर जा रही थी प्रसूता

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रसूता महिला की पहचान धनकुंवर (उम्र 35 वर्ष), निवासी बैरवारा (जनपद ललितपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ बावल (हरियाणा) से मथुरा जंक्शन की यात्रा कर रही थीं, जहां से उन्हें आगे ललितपुर जाना था। प्लेटफॉर्म पर नन्ही परी के जन्म लेते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी और राहत की लहर दौड़ गई।

रेलवे ने निभाई मानवता और जिम्मेदारी

​उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आपातकालीन स्थिति में रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और मेडिकल टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय सेवा भावना के कारण ही एक माँ और उसकी नवजात बच्ची की जान सुरक्षित रह सकी। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: चंदौली में हत्या के प्रयास के तीन वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में फावड़े से किया था हमला