अमेठी के अलीपुर गांव में दीप जलाने के विवाद में मा

दीप जलाने के विवाद में मारपीट से घायल महिला की मौत, परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग की

Woman Dies After Assault Over Dispute on Lighting a Lamp

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जामो थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में दीप जलाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में घायल एक अधेड़ महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही कार्रवाई न होने पर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

आठ लोगों पर महिला के साथ मारपीट करने का आरोप

मृतका के पति राज जी गुप्ता पुत्र राम टहल, निवासी अलीपुर ने थानाध्यक्ष जामो को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 14 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे दीप जलाने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही आठ लोगों ने उनकी पत्नी मुन्नी के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि सीताराम पुत्र जगदीश, हरभजन पुत्र जगदीश, विश्वजीत पुत्र हरभजन, रीता पत्नी सीताराम, अनुज पुत्र सीताराम, अनुराग पुत्र सीताराम, पवन गुप्ता पुत्र हरभजन और राम कुमार पुत्र जगदीश मारपीट की घटना में शामिल थे।घटना के बाद परिजन घायल महिला को लेकर जामो थाने पहुंचे थे। 

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल किया गया था रेफर

वहां से महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी जामो भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर कर दिया था। परिजनों के अनुसार महिला के पैर में फ्रैक्चर था, जिसके बाद उसका एक निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा था।

तबीयत बिगड़ने पर महिला की मौत

परिजनों का कहना है कि 29 अक्टूबर को महिला की तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए सीएचसी जामो ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस संबंध में थानाध्यक्ष जामो विनोद सिंह ने बताया कि 14 अक्टूबर को मिली शिकायत के आधार पर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। महिला की मौत के बाद परिजनों की ओर से नया प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:   एक राष्ट्र, एक चुनाव पर JPC की बैठक, दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक प्रभावों और चुनावी खर्च पर हुई चर्चा