मुंगेर में बाइक की टक्कर से घायल महिला की मौत, परिजनों ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप
मुंगेर (बिहार)। धरहरा थाना क्षेत्र की अमारी पंचायत के मरपा कला गांव में बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतका की पहचान मरपा कला निवासी ललन बिंद की पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। स्वजन के अनुसार, रीता देवी खेत से काम कर देर शाम पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान मरपा कला गांव के समीप तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बाइक सवार टक्कर के बाद बाइक छोड़कर फरार
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया, लेकिन वह मौका पाकर बाइक छोड़कर फरार हो गया।गंभीर स्थिति में स्वजन रीता देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने पुलिस को दिए आवेदन में गांव के ही महादेव पर बाइक चलाने का आरोप लगाया है। स्वजन ने उस पर अवैध शराब के कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया है।
आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
उनका कहना है कि पूर्व में भी ग्रामीणों ने उसके विरुद्ध पुलिस से शिकायत की थी। स्वजन ने आरोपित की गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस ने एक दिन में 53 अपराधियों को किया गिरफ्तार, 28 को जेल