प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
अमेठी {उत्तर प्रदेश}: शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी 26 वर्षीय अवधेश कुमारी की इन्हौंना कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने शिकायत मिलने पर जांच टीम गठित कर कार्रवाई करने की बात कही है।
प्रसव के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत
मृतका के पति राजकुमार के मुताबिक, शनिवार को पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर इन्हौंना कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रात में अस्पताल के कर्मचारियों ने पुत्र के जन्म की जानकारी दी। आरोप है कि प्रसव के कुछ देर बाद ही पत्नी की तबीयत बिगड़ने की बात बताई गई। इसके बाद उसे लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद एंबुलेंस से शव इन्हौंना के डांडी बरवलिया स्थित ससुराल पहुंचा दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सीओ दिनेश मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच टीम गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नवजात बेटे के सिर से उठा मां का साया
प्रसूता की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सास रामावती का रो-रोकर बुरा हाल है। पति राजकुमार पत्नी को याद कर बिलख रहे हैं। मां की मौत से नवजात बेटे समेत परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के देवर चंदन, पिता जगजीवन समेत परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में AI वीडियो से अपहरण का डर दिखाकर 22 हजार की ठगी, दो दिन बाद सकुशल लौटा बच्चा