बैतूल के मांडई बुजुर्ग गांव में खेत जाते समय 24 वर

खेत जाते समय करंट की चपेट में आने से नवविवाहिता की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Woman Dies After Coming in Contact With Hanging Electric Wire in Betul

बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के ग्राम मांडई बुजुर्ग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ खेत जा रही थी, तभी रास्ते में लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मायके आई महिला की हादसे में गई जान, रास्ते में मिला करंट

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मीनाक्षी धुर्वे उम्र 24 वर्ष पति कमलेश धुर्वे, निवासी ग्राम पाढर खुर्द, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। बताया गया कि मीनाक्षी अपने मायके ग्राम मांडई बुजुर्ग आई हुई थी। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने पति के साथ खेत जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लग गया।

पति ने बताया हादसे का पूरा घटनाक्रम, एक साल पहले हुई थी शादी

मीनाक्षी के पति कमलेश धुर्वे ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और उनकी शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। खेत जाते समय वह खुद लटकते तार के नीचे से निकल गया, लेकिन मीनाक्षी की नजर तार पर नहीं पड़ी और वह सीधे उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के तुरंत बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बैतूल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

यह भी पढ़ेंः   यूपी में परिवहन व्यवस्था को मजबूती, 5 जिलों में डिटेंशन यार्ड निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये मंजूर