मैहर सिविल अस्पताल में जहरीले कीड़े के काटने से मह

मैहर सिविल अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

Woman Dies After Insect Bite, Family Alleges Negligence at Maihar Hospital

मैहर (मध्य प्रदेश)। मैहर के सिविल अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब जहरीले कीड़े के काटने से एक 57 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों और अस्पताल प्रभारी डॉ. आर.एन. पांडेय के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी भी हुई। करीब एक घंटे तक चले विवाद के बाद पुलिस और अस्पताल प्रबंधन की समझाइश पर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।

प्रभा सेन को जहरीले कीड़े के काटने के बाद बिगड़ी थी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रभा सेन (57 वर्ष), पत्नी राजेंद्र सेन, निवासी उचेहरा (जिला सतना) के रूप में हुई है। वह मैहर के मां शारदा मंदिर क्षेत्र स्थित उदयपुर में प्रसाद की दुकान संचालित करती थीं। परिजनों के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल मैहर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

परिजनों ने लगाया समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप

मृतका के बेटे अमन सेन का आरोप है कि उनकी मां को करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल में रखा गया, लेकिन उन्हें समय पर प्रभावी इलाज नहीं मिला। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें एनएच-30 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला को किसी विषैले सांप ने काटा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

महिला की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सिविल अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसी दौरान अस्पताल प्रभारी डॉ. आर.एन. पांडेय और परिजनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस की समझाइश के बाद पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए परिजन

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी संतोष उलाडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने करीब एक घंटे तक परिजनों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

यह भी पढ़ें:   ताजमहल में ड्यूटी के दौरान ASI कर्मचारी की मौत, अचानक बिगड़ी थी तबीयत