औरंगाबाद में सांप के डंसने से महिला की मौत, छत पर सोते समय हुआ हादसा
औरंगाबाद (बिहार)। विषैले सर्पदंश से 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मंजुराही गांव की है। मृतका की पहचान स्व. बीगन राम की पत्नी लालवा देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, लालवा देवी शुक्रवार की रात अपने घर की छत पर सो रही थीं। देर रात करीब एक बजे अचानक सीढ़ी के रास्ते एक विषैला सांप छत पर पहुंच गया। सोते समय ही सांप ने उन्हें डंस लिया।
परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जैसे ही उन्हें इसका अहसास हुआ, उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला के शोर सुनते ही परिजन छत पर पहुंचे और सांप काटने की जानकारी होने पर परिजन बिना देर किए उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया। जहां तमाम कोशिशों के बावजूद चिकित्सक महिला बचा नहीं सके। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मुखिया ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलने पर खैरा बिंद पंचायत के मुखिया एवं मुखिया संघ के अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि औरंगाबाद जिले में इन दिनों सांप के काटने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है।
बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर बढ़ी चिंता
पिछले कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग इलाकों से कई लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है। मंजुराही गांव की यह घटना एक बार फिर सावधानी की जरूरत को उजागर करती है। बारिश के मौसम में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। प्रशासन भी लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटा है, लेकिन इसके साथ ही लोगों को खुद भी सावधानी बरतनी होगी ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: मथुरा में गश्त कर रही पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, दो सिपाही गंभीर घायल