गहने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, रात में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
मोतिहारी {बिहार}। हरसिद्धि प्रखंड के मठ लोहियार गांव में घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रिंकी कुमारी, पत्नी विक्की पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की चार माह की मासूम बच्ची भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया।
गहने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद
बताया जाता है कि 25 अगस्त को घर बनवाने के लिए पति द्वारा बालू गिराया गया था। इसी दौरान गहना खरीदने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। पत्नी का कहना था कि घर बनवाने के लिए पैसे हैं, लेकिन उसके लिए गहना खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई।
खाना खाने के बाद सो गए दोनों
विवाद के बाद दोनों ने खाना खाया और रात में सो गए। देर रात रिंकी उठकर घर से बाहर चली गई और घर के पीछे जाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद चार माह की बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पति की नींद खुली। पत्नी को घर में नहीं देखकर उसने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घर के पीछे रिंकी को फंदे से लटका पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: मुंगेर सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट, पति पर जूते से पीटने और स्प्रे डालने का आरोप