उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र

कूलर का स्विच ऑन करते ही लगा करंट, 26 वर्षीय महिला की मौत

Woman Electrocuted While Turning On Cooler

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के बड़ागांव में एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में कूलर का स्विच ऑन करते ही वह तेज करंट की चपेट में आ गईं।

स्विच ऑन करते ही हुआ हादसा

मृतका की पहचान अनुपमा के रूप में हुई है। जैसे ही उन्होंने कूलर का स्विच ऑन किया, उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। उनकी चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजन आनन-फानन में अनुपमा को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

तीन साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया

अनुपमा के पति दीपक रोजी-रोटी के लिए चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं। वह गांव में अपने तीन वर्षीय बेटे श्रेयांश के साथ रहती थीं। उनकी अचानक मौत से मासूम बेटे के सिर से मां का साया उठ गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

बताया जा रहा है कि चीख सुनकर सबसे पहले भतीजा दिव्यांश मौके पर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ेम्यांमार मानव तस्करी केस: एनआईए की बंगाल-छत्तीसगढ़ में छापेमारी