नालंदा में एक महिला की घर के बाहर झाड़ू लगाते समय

नालंदा में महिला की झाड़ू लगाते समय हुई मौत, जानें क्या है कारण

सांकेतिक चित्र

नालंदा: जिला के थरथरी थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर गांव में बिजली करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान करीब 46 वर्षीय सविता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

झाड़ू लगाते समय हुई मौत

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह सविता देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पहले से टूटा हुआ बिजली का तार जमीन पर पड़ा था। अनजाने में महिला उस तार की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें तेज करंट लगा। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

बिजली विभाग पर लग रहा लापरवाही का आरोप

परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि टूटे हुए तार की जानकारी पहले भी दी गई थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं की गई। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

ये भी पढ़ें- 'मेरी बहन का जीना हराम कर रखा था...', ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का बड़ा आरोप