औरंगाबाद के जम्होर थाना क्षेत्र में सांप काटने से

औरंगाबाद में सर्पदंश से महिला की मौत, झाड़-फूंक में बीती रात के बाद अस्पताल पहुंची

Woman Dies of Snake Bite in Aurangabad After Delayed Treatment

औरंगाबाद (बिहार)। सांप काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना जम्होर थाना क्षेत्र के मोर डिहरी गांव की है। मृतका की पहचान उस गांव निवासी कमलेश राम की 30 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात खाना खाने के बाद संगीता अपनी मां मनमतिया कुंवर के साथ बेड पर सो रही थी। देर रात एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। जैसे ही उसे किसी जहरीले जीव के काटने का एहसास हुआ, उसने शोर मचाकर परिजनों को जगाया। 

तबीयत बिगड़ने पर परिजन तांत्रिक के पास ले गए

शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बेड पर विषैला सांप दिखाई दिया। थोड़ी ही देर उसका तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के एक तांत्रिक के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए। पूरी रात वहां झाड़-फूंक का सिलसिला चलता रहा, लेकिन उसकी हालत सुधरने की बजाय लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद परिजन उसे बारुण थाना क्षेत्र के चुरा गांव स्थित दूसरे तांत्रिक के पास ले गए, जहां भी काफी देर तक झाड़-फूंक कराई गई। जब किसी तरह का सुधार नहीं हुआ, तब मंगलवार को उसे सदर अस्पताल लाया गया। 

मजदूरी कर अपना करता है भरण-पोषण 

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। जानकारी मिलने के बाद मृतका के पति भी अस्पताल पहुंचे। मृतका के भाई अजीत कुमार ने बताया कि संगीता की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उसके 12 वर्ष का एक बेटा है। परिवार मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करता है। मेरे बहन पिछले छह महीने से अपने मायके में रह रही थी। 

यह भी पढ़े:    बांदा में दर्दनाक हादसा: खेत के गहरे पानी भरे गड्ढे में डूबकर 8 वर्षीय बच्ची की मौत