बक्से से रुपये निकालते समय सांप के डसने से महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। मोतीपुर थाना क्षेत्र के खैरी समैसा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला घर में रखे बक्से से रुपये निकाल रही थी। इसी दौरान बक्से में छिपे सांप ने उसकी कमर में डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सांप के डसने से महिला की मौत
जानकारी के अनुसार खैरी समैसा (हनुमानगढ़ी) निवासी पुरुषोत्तम मौर्य की पत्नी सीमा मौर्य (33) मंगलवार को घर में रखे बक्से से रुपये निकाल रही थीं। जैसे ही उन्होंने बक्सा खोला और रुपये निकालने लगीं, उसी दौरान बक्से में छिपे सांप ने उनकी कमर में डस लिया। सांप के डसते ही महिला घबरा गईं और किसी तरह बक्से से दूर हटकर घर से बाहर निकलीं।
कुछ देर बाद सांप के जहर का असर महिला पर दिखाई देने लगा। उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने के बाद बेहोश होकर गिर गईं। महिला की हालत गंभीर देखकर परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
सीमा की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सीमा अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। उनका बड़ा बेटा हाईस्कूल में पढ़ता है, जबकि बेटी और करीब छह वर्षीय छोटा बेटा गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाए जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: पहले घर पर फायरिंग, अब बेटों पर मुकदमा: विधवा मां ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार