मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद में इंस्टाग्र

ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा देकर युवती से ₹42,279 की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

प्रतिकात्मक चित्र

उज्जैन (मध्य प्रदेश)। उज्जैन जिले के खाचरोद में घर बैठे ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का सपना दिखाकर 28 वर्षीय युवती से ₹42,279 की ठगी का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर ‘Byju's Online Tutor Teacher’ के नाम से विज्ञापन डालकर आरोपी ने युवती को हर महीने ₹30 हजार वेतन का झांसा दिया। नौकरी देने के बजाय अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे ऐंठे गए।

इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का विज्ञापन

खाचरोद निवासी अलेफिया पिता इकबाल फोटोग्राफर ने पुलिस को बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ₹1,500 जमा करवाए। इसके बाद दूसरे नंबर से आईडी कार्ड की फोटो और भुगतान के लिए QR कोड भेजा गया। युवती ने 9 सितंबर को ₹1,500 ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। आरोपी ने लैपटॉप और अन्य सामान भेजने के नाम पर ₹9,979, डिलीवरी चार्ज के नाम पर ₹15,900 और GST ID बनवाने के नाम पर ₹14,900 और जमा करवा लिए। इस तरह नौकरी की उम्मीद में युवती ने कुल ₹42,279 आरोपी को दे दिए।

युवती ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की

जब पैसे देने के बाद भी न नौकरी मिली और न रकम वापस हुई, तो युवती को ठगी का एहसास हुआ। आरोपी इसके बाद भी फोन कर और पैसे जमा करने का दबाव बनाता रहा। युवती ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की और फिर खाचरोद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन पेमेंट से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है। नौकरी के नाम पर पहले रजिस्ट्रेशन, फिर लैपटॉप, डिलीवरी और GST के बहाने भुगतान और आखिर में नौकरी भी नहीं। यह मामला एक बार फिर ऑनलाइन जॉब ऑफर की आड़ में चल रहे साइबर ठगी के खेल पर सवाल खड़े करता है। 

यह भी पढ़ेंः 15 वर्षीय किशोरी से कई महीनों तक दुष्कर्म का खुलासा