अमेठी में मेले से लौट रही महिला से बाइक सवार युवकों ने की छेड़छाड़
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। कोतवाली क्षेत्र में मेले से पति के साथ बाइक से घर लौट रही महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर कमर में हाथ डालकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया, जिससे बाइक गिर गई। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति के साथ मेला देखकर बाइक से घर लौट रही थी महिला
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धनापुर महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे वह अपने पति के साथ अमेठी में मेला देखकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पूरे गोपाल मजरे नुवांवा के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। आरोप है कि युवकों ने उनकी कमर में हाथ डाल दिया और बाइक को धक्का मार दिया। इससे उनकी बाइक सड़क पर गिर गई। बाइक गिरने से वाहन का शीशा ढीला हो गया और उनके पति के हाथ में हल्की चोट आई।
दोनों आरोपी महिला के मायके के रहने वाले
महिला के मुताबिक, उन्होंने दोनों युवकों को पहचान लिया और विरोध करते हुए अपने पिता को बताने की बात कही। इस पर दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग निकले। महिला ने आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र रामकिशुन और अनिल उर्फ सोनू पुत्र रामजश कोरी निवासी ग्राम सुल्तानपुर, अमेठी के रूप में की है। पीड़िता के अनुसार, दोनों आरोपी उसके मायके के रहने वाले हैं।
मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी
कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्रदीप कुमार और अनिल उर्फ सोनू निवासी ग्राम सभा सुल्तानपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 74, 352 और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जोशुआ वोंग को 10 साल की जेल