दिल्ली के शालीमार बाग में एक महिला की गोली मारकर हत्या, पुलिस को पारिवारिक विवाद का शक
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में शनिवार को एक महिला की दिनदहाड़े सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या पारिवारिक विवाद या उनके गांव बलसुआ से पुरानी दुश्मनी से जुड़ी प्रतीत हो रही है, जहां 2023 में उनके पति विजेंद्र यादव की भी हत्या कर दी गई थी।
पड़ोसी के घर से आते समय महिला को सिर में मारी गई गोली
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) भीष्म सिंह ने बताया कि, "हमें आज सुबह 11 बजे एक PCR कॉल मिली कि शालीमार बाग में रहने वाली रचना यादव नाम की एक महिला को गोली मार दी गई है। जब महिला पड़ोसी के घर से आ रही थी तभी किसी ने उसके सिर में गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले का बैकग्राउंड बलसुआ गांव से जुड़ा है। मृतका वहीं की रहने वाली थी, और उसका पति विजेंद्र यादव की भी वहीं हत्या कर दी गई थी।"
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस और जानकारी जुटा रही है और आगे की जांच कर रही है। भीष्म सिंह ने कहा कि, "हम फिलहाल उस बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। यह बलसुआ गांव से किसी पुरानी दुश्मनी या पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है।" मृतक के परिवार में उसकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी शादीशुदा है, और छोटी बेटी अपनी मां के साथ रहती थी। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
पति बिजेंद्र के खिलाफ भी दर्ज थे कई आपराधिक मामले
पुलिस ने बताया कि यादव उसी इलाके का रहने वाला था जहां उसकी हत्या हुई और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने आगे कहा कि पीड़ित को चार से पांच गोलियां मारी गईं। बिजेंद्र के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे, और वह प्रॉपर्टी का काम करता था। पुलिस ने आदमी की हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी की संभावना जताई है।
गोली मारने वाले आरोपियों की नहीं हो सकी है पहचान
पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना में शामिल आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है और उनकी पहचान और तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, और आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/election-commission-has-sent-four-new-observers-to-west-bengal/104396