बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र मे

सुपौल में घर में घुसकर सो रही महिला के पैर में मारी गोली: अज्ञात अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

अस्पताल में भर्ती घायल महिला

सुपौल (बिहार)। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बड़कुरवा पंचायत अंतर्गत सिकयाही वार्ड 7 में शुक्रवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर सो रही एक महिला के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। जख्मी महिला की पहचान पप्पू यादव की 25 वर्षीय पत्नी डेजी कुमारी के रूप में हुई है।

अंधेरा होने के कारण वह दोनों की पहचान नहीं

जख्मी डेजी कुमारी ने बताया कि वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसे और उसे गोली मारकर भाग गए। गोली की आवाज और उसके चिल्लाने पर बगल के कमरे में सो रही उसकी गोतनी मौके पर पहुंची। गोतनी ने बताया कि वह आवाज सुनकर दौड़कर पहुंची, तभी दो लोग घर से बाहर निकलकर भागते दिखाई दिए। अंधेरा होने के कारण वह दोनों की पहचान नहीं कर सकी।

सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची

घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और जख्मी महिला को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. बी.एन. पासवान ने जांच के बाद बताया कि महिला के पैर में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई है। जख्मी की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने जख्मी महिला से घटना की जानकारी ली

घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ दिलीप कुमार और त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और जख्मी महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गोली चलाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। 

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव प्रक्रिया और एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन: कई प्रदर्शनकारी हिरासत में