बांदा में पैसों के लालच में विवाहित महिला को 1.38

बांदा में पैसों के लालच में विवाहित महिला को 1.38 लाख में हरियाणा बेचने का मामला, एक और बिचौलिया गिरफ्तार

Woman Sold For Rs 1.38 Lakh In Haryana, Another Middleman Arrested In Banda

बांदा (उत्तर प्रदेश)। पैसों के लालच में एक महिला की जिंदगी का सौदा किए जाने के आरोप ने सनसनी मचा दी है।चित्रकूट की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि उसके अपने ही परिजनों ने उसे 1.38 लाख में हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया और जबरन विवाह करा दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला के मुताबिक, वह पहले से ही शादीशुदा थी।मामला सामने आने के बाद बांदा की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने जांच शुरू की।पुलिस के अनुसार,इसी मामले में शुक्रवार को कथित मध्यस्थ प्रेमचन्दर पुत्र लल्लू निवासी सोनहुली,थाना बबेरू को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

20 नवंबर 2025 को सामने आई थी घटना

पुलिस के मुताबिक,चित्रकूट निवासी पीड़िता ने 22 नवंबर 2025 को AHTU बांदा में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 20 नवंबर को उसकी मां मुन्नी और भाई जयनारायण उसे बांदा लेकर आए।आरोप है कि यहां से उसे 1.38 लाख में हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार को सौंप दिया गया और बाद में उसकी जबरन शादी करा दी गई।पीड़िता के आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पीड़िता के बयान के साथ ही भौतिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।

एक गिरफ्तारी से खुलेंगी नेटवर्क की और कड़ियां?

पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार प्रेमचन्दर की भूमिका महिला का विवाह कराने में मध्यस्थ के रूप में सामने आई है।अब जांच टीम कथित मानव तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और घटनाक्रम की कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं तीन आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मामले में जगनारायण उर्फ जयनारायण निवासी चित्रकूट, कृष्ण कुमार निवासी पलवल (हरियाणा) और बलराम निवासी पलवल (हरियाणा) को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्ष के आधार पर होगी। 

यह भी पढ़ें:   बिजनौर का युवक रहस्यमय हालात में लापता होने के बाद मिला मृत, कोटद्वार के जंगल में पेड़ से लटका मिला शव