UP News: बांदा के बदौसा कस्बे में एक डॉक्टर पर आरो

बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित महिला की इलाज के दौरान हुई मौत, डॉक्टर पर लगा गलत इलाज करने का आरोप

UP News

बांदा: बदौसा कस्बे के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही और गलत इलाज का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि महिला की मौत होते ही डॉक्टर क्लीनिक बंद करके फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा।

गलत तरीके से इलाज करने का लगा आरोप

दुबरिया के अंश गड़रिया पुरवा निवासी उर्मिला (35) पत्नी रामरूप यादव पिछले दो दिनों से बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित थीं। परिजनों ने उनका इलाज बदौसा के एक निजी क्लीनिक में कराया था। मृतका के पति रामरूप यादव का आरोप है कि रविवार को चिकित्सक ने कई ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाईं और खून की जांच कराई। उनका कहना है कि बुखार की हालत में गलत तरीके से इलाज किए जाने के कारण रविवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी की मौत हो गई।

4 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

परिजनों का आरोप है कि मौत की जानकारी मिलते ही डॉक्टर क्लीनिक बंद करके वहां से चला गया। इससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उर्मिला अपने पीछे तीन मासूम बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।

किसी भी पक्ष ने नहीं दी तहरीर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्लीनिक के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। थानाध्यक्ष राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें- MP News: चलती ट्रेन में हुई बड़ी वारदात, बैग काटकर निकाले सोने-चांदी के जेवरात