घर देखने गई महिला कि सुबह ट्रेन हादसे में मौत
उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान अनुराधा देवी धुर्वे, पति अशोक सिंह धुर्वे के रूप में हुई है। घटना रेलवे पोल नंबर 976/36N के पास की बताई जा रही है।
बुधवार शाम झाड़ू मोहल्ले में बने अपने नए घर को देखने गई थी मृतका
मृतिका की बेटी मूर्ति सिंह धुर्वे के मुताबिक, उनकी मां बुधवार शाम झाड़ू मोहल्ले में बने अपने नए घर को देखने गई थीं। रात करीब 8:30 बजे बेटी की फोन पर मां से बात हुई थी। उस दौरान अनुराधा देवी ने बताया था कि वह रेलवे लाइन के पास हैं और घर लौट रही हैं।
इसके बाद बेटी ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात अधिक होने के कारण बेटी अपनी मां को तलाशने के लिए बाहर नहीं निकल सकी। उसे लगा कि संभवत: मां झाड़ू मोहल्ले वाले घर में रुक गई होंगी, क्योंकि वह पहले भी कभी-कभी वहां रुक जाती थीं। सुबह महिला की मौत की जानकारी सामने आई।
जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स थी मृतका
मृतिका की बेटी ने बताया कि उनकी मां जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं। उनके पति काम के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है, जबकि उनका मूल निवास अनूपपुर जिले के ग्राम पोड़की में बताया गया है। वहीं, बेटी ने एक अन्य मामले को लेकर भी संदेह जताया है। उसके मुताबिक मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने उसकी मां के नाम पर लोन लिया था और उसकी किस्तें जमा नहीं कर रहा था, जिसके चलते उसकी मां परेशान रहती थीं। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। विवाद के दौरान अनुराधा देवी ने 112 डायल किया था, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के बीच विवाद शांत कराया था।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
इन परिस्थितियों के चलते मृतिका की बेटी ने मामले में संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, जबकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मौका पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: FSSAI फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल को लेकर केंद्र को सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी