रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में 37 वर्षीय रीता का श

रायबरेली में खेत के रास्ते पर मिला 37 वर्षीय महिला का शव, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका

Woman's Body Found in Raebareli, Murder Suspected

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जगतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छोटी टिकरिया मजरे हरदी टीकर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह गांव के बाहर खेत जाने वाले रास्ते पर 37 वर्षीय महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के सिर पर चोट के गंभीर निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

​शौच के लिए निकली थीं रीता

​मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रीता (37) पत्नी मनोज कुमार शनिवार को रोज की तरह घर से शौच के लिए खेतों की तरफ गईं थीं। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटीं, तो उनके बेटे मस्तराम और बेटी विभा ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

​रविवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे, तब उन्होंने गांव से लगभग 200 मीटर दूर रास्ते पर रीता का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान और पुलिस को दी।

​मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

​सूचना मिलते ही जगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बार-बार निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

​पुलिस को जांच के दौरान शव के पास ही मृतका का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इसके अलावा, रीता की एक चप्पल उनके पैर में थी जबकि दूसरी चप्पल कुछ ही दूरी पर संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। मृतका के सिर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है।

​पति गया है पंजाब, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

​घटना की गंभीरता को देखते हुए डलमऊ के क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और थाना प्रभारी से मामले की पूरी जानकारी ली।

​परिजनों ने बताया कि मृतका का पति मनोज कुमार करीब एक सप्ताह पूर्व ही मजदूरी करने पंजाब गया हुआ है। रीता के अचानक इस तरह असमय चले जाने से उनके दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढे़ं:   औरंगाबाद में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद