आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक क

आजमगढ़ में सुबह पति से विवाद के बाद रेलवे ट्रैक किनारे मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

Woman's body found near railway track in Azamgarh, police probe underway

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक किनारे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे पटरियों की निगरानी के दौरान खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के की-मैन आलोक वर्मा ने पोल संख्या 79/16 के पास शव देखा। सूचना पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त आधार कार्ड के माध्यम से कलावती (59) पत्नी मुन्नीलाल, निवासी झकहा गांव के रूप में की।

विवाद के बाद घर से निकली थीं महिला

पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मृतका के पति मुन्नीलाल मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कलावती अपनी बेटी से घीयहा गांव में शिव चर्चा में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोपहर करीब दो बजे रेलवे ट्रैक किनारे उनका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगामौत के कारणों का खुलासा

महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। उपनिरीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

पंजाब में रहते हैं मृतका के दोनों बेटे

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। दोनों बेटे पंजाब में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। 

यह भी पढ़ें:   गुजरात से भागकर जमुई पहुँची नाबालिग ने प्रेमी के साथ मंदिर में रचाई शादी, पुलिस ने किया गिरफ्तार