चार दिन से पानी नहीं, महिलाओं ने नगर पालिका में फोड़ा मटका
बैतूल,(मध्यप्रदेश )। आमला नगरपालिका के बोड़खी क्षेत्र के वार्ड 18 के सिंधी पंजाबी मोहल्ला में चौथे दिन भी नगरपालिका द्वारा जलप्रदाय नहीं किए जाने से नाराज महिलाओं ने नगरपालिका पहुंच कर जमकर प्रदर्शन किया। शासकीय कालेज की जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मुक्त ढोलेकर के नेतृत्व में महिलाओं ने नगरपालिका पहुंचकर मटका फोड़ा और नपा के खिलाफ नारेबाजी की।
नगरपालिका द्वारा जलप्रदाय वितरण में भेदभाव
उनके साथ एल्डरमैन आरती पाटिल भी प्रदर्शन में पहुंची। मुक्त ढोलेकर ने बताया कि वार्ड 18 के सिंधी मोहल्ले में कांग्रेस शासित नगरपालिका द्वारा जलप्रदाय वितरण में भेदभाव किया जा रहा है। नलों में प्रेशर से पानी नहीं आ रहा है। दो दिन के अंतराल बाद भी पर्याप्त पानी नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन की भनक लगते ही सीएमओ नगरपालिका से बाहर चले गए।
मोहल्ले के 22 घरों में पानी की दिक्कत
मनीषा छतवानि,अर्पणा घोष, भाविका सहित अन्य महिलाओं की मांग है, कि मोहल्ले के 22 घरों में पानी की दिक्कत है। पानी का सेंपल लेकर पहुंची महिलाओ ने बताया कि पानी भी पूरी तरह से साफ नहीं आता है। वार्डवासि मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की है कि हमें 1 दिन के अंतराल में 1 घंटे प्रेशर के साथ पानी दिया जाए।
मांग पूरी नहीं होने पर निरंतर विरोध प्रदर्शन
चेतावनी दी गई है, कि मांगे पूरी नहीं होने पर निरंतर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। महिलाओं का कहना था कि जनसुनवाई में तहसीलदार से शिकायत के बाद भी समस्या हल नहीं तो आज नगरपालिका आना पड़ा। जल आवर्धन योजना के इंजीनियर अंकुश खंडाग्रे ने बताया कि महिलाओं की शिकायत मिली है। प्रेशर से पानी क्यों नहीं आ रहा पता कर सुधार किया जाएगा। बैराज में पर्याप्त पानी आने पर जलप्रदाय एक दिन के अंतराल में हो सकता है। महिलाओं की शिकायत पर मैने साइड विजिट किया है। वालमेन को टाइम टेबल से जलप्रदाय करने के निर्देश दिए है।चेक करने पर नलों में पर्याप्त प्रेशर मिला है। जलस्रोतों का जलस्तर बढने पर एक दिन के अंतराल में जलप्रदाय किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, 49 गिरफ्तार, 21 भेजे गए जेल