रक्षाबंधन से पहले अखिलेश यादव को महिलाओं ने बांधी राखी, बोले- सुरक्षा और सम्मान में नहीं होगी चूक
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। रक्षाबंधन के पूर्व दिवस पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सैकड़ों महिलाएं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को राखी बांधने पहुंचीं। अखिलेश यादव ने महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि भविष्य में माता-बहनों की सुरक्षा और सम्मान में कोई चूक नहीं होगी। उन्होंने महिलाओं की खुशहाली के लिए समाजवादी सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत सालाना 40 हजार रुपये देने का भी दावा किया और भाजपा पर महिलाओं के प्रति ईमानदार नहीं होने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने महिलाओं को दी रक्षाबंधन की बधाई
रक्षाबंधन पर्व के पूर्व दिवस पर आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सैकड़ों महिलाएं अपने ‘प्रिय भैया जी’ के हाथों में राखी बांधने के लिए उमड़ पड़ी। अखिलेश यादव ने सभी का सम्मान करते हुए उन्हें पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि दुनिया में भारत ही ऐसा देश है जहां रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। बहन राखी बांधती है और भाई रक्षा का संकल्प लेता है। समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि भविष्य में माता-बहनों की सुरक्षा और सम्मान में कोई चूक नहीं होगी।
अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- महिलाओं के प्रति ईमानदार नहीं है भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी की खुशहाली के लिए समाजवादी सरकार में महिलाओं को 40 हजार सालाना धनराशि ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के अंतर्गत दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा महिलाओं के प्रति ईमानदार नहीं है। भाजपा सत्ता में आने के बाद से लगातार धोखा देती रही है। अब नारी वंदन का ढोंग रच रही है।
मुस्लिम महिलाओं समेत कई महिला नेताओं ने अखिलेश यादव के साथ मनाई रक्षाबंधन की खुशियां
पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी अखिलेश यादव को रक्षाबंधन की बधाई देने पहुंचीं। इनके अतिरिक्त पूर्व सांसद कनकलता सिंह, पूर्व एमएलसी कांति सिंह, जनेश्वर मिश्र की पुत्री मीना तिवारी, महिला समाजवादी राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मिणी देवी, किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह तथा अंजली मसीह ने पर्व की खुशियां मनाते हुए अखिलेश यादव को मिठाई खिलाई।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने मैनपुरी, गोंडा और सुल्तानपुर के मेधावी छात्रों को दिए लैपटॉप-टैबलेट