बाढ़ का पानी घटते ही घाघरा नदी में सिक्स लेन केबल ब्रिज का काम शुरू
बाराबंकी: तहसील रामनगर में लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एल्गिन ब्रिज-संजय सेतु के पास प्रस्तावित सिक्स लेन केबल ब्रिज निर्माण का कार्य बाढ़ का पानी कम होते ही फिर से शुरू हो गया है। घाघरा नदी में दो बार बाढ़ आने के कारण निर्माण कार्य बाधित हो गया था। पानी बढ़ने से मौके पर बड़ी-बड़ी मशीनें खड़ी हो गई थीं। अब जलस्तर कम होने के बाद निर्माण एजेंसी ने दोबारा काम शुरू कर दिया है।
घाघरा नदी में पुल निर्माण के लिए मिट्टी की जांच शुरू
बृहस्पतिवार को घाघरा नदी में नाव पर जनरेटर रखकर पीलिंग का कार्य शुरू कराया गया। इसके साथ ही नदी के अंदर मिट्टी की जांच का काम भी किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर मशीनों के माध्यम से नदी की मिट्टी की क्षमता और संरचना की जांच की जा रही है, जिससे आगे पुल के निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया को निर्धारित किया जा सके। प्रोजेक्ट मैनेजर विनायक एवं पीएनसी के लीजिंग ऑफिसर शिवेंद्र सिंह ने बताया कि घाघरा नदी में दो बार बाढ़ आने के कारण काम प्रभावित हुआ था। अब पानी कम होने के बाद निर्माण कार्य फिर शुरू कराया गया है। फिलहाल नदी में मिट्टी की जांच की जा रही है। सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर पुल की डिजाइन तैयार की जाएगी।
सिक्स लेन केबल ब्रिज के निर्माण की तैयारियां तेज
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सिक्स लेन केबल ब्रिज के निर्माण की परियोजना निर्धारित अवधि में पूरी करने का लक्ष्य है। नदी में बाढ़ और जलस्तर बढ़ने के कारण निर्माण कार्य में लगातार चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पानी कम होते ही मशीनों और कर्मचारियों को दोबारा काम में लगाया गया है। इससे पहले नदी की धारा को नियंत्रित करने के लिए बांस की बल्लियों और बालू से भरी बोरियों की मदद से अस्थायी तटबंध तैयार करने का कार्य भी किया गया था। अब पीलिंग और मिट्टी जांच शुरू होने से परियोजना के अगले चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों की नजर भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- सीवान में CSP संचालक से हथियार के बल पर 1.60 लाख की लूट, हवाई फायरिंग कर फरार