अदानी पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर में फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। सिंगरौली जिले के बंधौरा चौकी अंतर्गत बंधौरा पावर प्लांट में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। निजी कंपनी के पावर प्लांट में बॉयलर में फंसने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कंपनी के बाउंसरों ने प्लांट के अंदर किसी को भी जाने से रोक दिया।
पुलिस ने की पुष्टि, जांच के लिए टीम रवाना
घटना के बाद प्लांट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी ने बताया कि बॉयलर में फंसने अंगद चौधरी गढ़वा थाना झारखंड निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के लिए तत्काल पुलिस बल रवाना कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निजी कंपनी के पावर प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। कंपनी प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लगभग 3 माह पहले भी इस प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर निजी पावर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मजदूर संगठनों ने की मुआवजे और जांच की मांग
मजदूर संगठनों ने उच्च स्तरीय जांच और मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मृतक की हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में राजद का धरना, महंगाई-बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना